बदायूं। उझानी कस्बे में एक सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर से प्लॉट के नाम पर चार लाख रुपये ठग लिए गए। सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर ने प्रापर्टी डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नारायणगंज मोहल्ला निवासी महेश प्रताप सिंह उझानी रेलवे में स्टेशन मास्टर थे। करीब चार साल पहले वह सेवानिवृत्त हो गए। तब से उनका परिवार उझानी कस्बे में ही रहता है। महेश प्रताप सिंह के मुताबिक सेवानिवृत्त होने पर उन्हें फंड का रुपये मिले थे। इससे वह कस्बे में एक प्लॉट खरीदना चाहते थे। इस दौरान उनकी मुलाकात कस्बे के छतुईया रेलवे क्रॉसिंग निवासी विजय साहू से हुई।
विजय ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर है। अच्छा और सस्ता प्लॉट खरीदवा देगा। वह प्रेम मिल कंपाउंड कॉलोनी में ले गया। जहां उसने सौ गज का एक प्लॉट दिखाया। प्लॉट देखकर महेश प्रताप सिंह उसे खरीदने के लिए तैयार हो गए। प्रॉपर्टी डीलर से उसका सौदा हो गया। उन्होंने डीलर को चार लाख रुपये दे दिए। इस दौरान उन्हें पता चला कि डीलर ने जो प्लॉट दिखाया है। उसमें आधा हिस्सा सरकारी जमीन का है। वह सरकारी जमीन को भी उसी प्लॉट में मिलाकर बेचना चाहता है। इस पर महेश ने प्लॉट का बैनामा नहीं कराया। उन्होंने डीलर से रुपये मांगे तो उसने इनकार कर दिया। इस पर स्टेशन मास्टर ने प्रॉपर्टी डीलर विजय साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।