बदायूं। ककराला प्रकरण की विभागीय जांच पूरी होने के करीब है। अभी इसमें कुछ लोगों के बयान दर्ज होने से रह गए हैं। उसके बाद जांच पूरी हो जाएगी। एसपी देहात ने बताया कि वह जल्द इस प्रकरण की जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपेंगे, जिसके आधार पर अगली कार्रवाई हो सकेगी।
अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा ककराला निवासी रेहान ने चौकी पुलिस पर थर्ड डिग्री प्रयोग करने का आरोप लगाया था। तब से उसका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चला। कुछ दिन बुलंदशहर के एक अस्पताल में भर्ती रहा। दो दिन पहले परिवार वाले उसे दिल्ली के एक अस्पताल ले गए। इसमें तत्कालीन चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह और चार सिपाहियों समेत सात के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। पांचों पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। इसकी विभागीय जांच एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा कर रहे हैं। इस क्रम में एसपी देहात कई बार ककराला प्रकरण में जा चुके हैं और तमाम लोगों के बयान दर्ज कर चुके हैं। अभी इसमें कुछ लोगों के बयान दर्ज होने शेष रह गए हैं। उसके बाद एसपी देहात जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपेंगे।