अलापुर। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का अलापुर निवासी एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। सोमवार को वह प्रेमी के घर जा पहुंची और उसके परिजन पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। प्रेमी के परिजन ने लड़की के घरवालों को जानकारी दी जो किसी तरह समझाकर उसे वापस घर ले गए।
बताया जाता है कि दोनों काफी समय से एक दूसरे से छिपकर मिल रहे थे। सोमवार रात किसी समय लड़की प्रेमी के घर आ पहुंची। परिजन उसे रात भर तलाशते रहे। सुबह प्रेमी के घर वालों को जब पता चला कि लड़की उन्हीं के घर है तो उन्होंने लड़की के परिजन को सूचित कर दिया। परिवार वाले लड़की को बुलाने आए तो वह घर वापस न जाने की जिद पर अड़ गई और अपने प्रेमी से शादी करने की बात करने लगी।
शोर-शराबा होने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। काफी समझाने के बाद लड़की को परिजन घर ले जा रहे थे तो वह पानी पीने का बहाना बनाकर थाने के सामने बाइक से उतर गई। पुलिस आती, परिजन उसे अपने साथ ले गए। इस घटना की नगर में काफी चर्चा रही।