सहसवान। एक ठेकेदार मजदूरों को झांसा देकर हरियाणा में ईंट भट्ठे पर मजदूरी कराने ले गया। वहां मजदूरों ने पूरा काम किया, लेकिन उनको मेहनताना नहीं मिला। ठेकेदार से बात करने पर उसने कह दिया कि मजदूरी में मिलने वाले मेहनताने को उनके घर भेजा जा रहा है। मजदूरों ने घर पर पता किया तो मालूम हुआ कि उनके साथ धोखा किया गया है। मजदूरों ने रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
सहसवान के गांव ख्याली की मड़ैया निवासी भूरे, लेखराज, किशनपाल, प्रकाश, प्यारेलाल, जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव मालपुर ततेरा निवासी दयाशंकर, रूपचंद्र, नन्हे, कमल सिंह, भूदेव ,जय सिंह, देवेंद्र आदि का कहना है कि उनको एक ठेकेदार ईंट भट्ठे पर ईंटों की पथाई के लिए हरियाणा के सिरसा ले गया था। तय हुआ था कि एक हजार ईंटों की पथाई करने पर प्रति व्यक्ति 490 रुपये मिलेंगे। वे लोग काम करते रहे, ठेकेदार से जब रुपयों को कहा तो उसने रुपये घर भेजने की बात बता दी। घर पर पता किया तो मालूम हुआ कि रुपये नहीं मिले हैं। जब ठेकेदार से तकाजा किया तो उसने जेल भिजवाने की धमकी दी।
मजदूरों ने संयुक्त रूप से कोतवाली में तहरीर देकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।