विद्युत उपकेंद्र में पड़े ट्रांसफॉर्मर के पार्ट्स। संवाद
- फोटो : BADAUN
सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सोमवार रात आठ बदमाशों ने कुरऊ विद्युत उपकेंद्र पर एसएसओ और चौकीदार को तमंचों के बल पर कमरे में बंद कर दिया। उनके साथ मारपीट की और कटर मशीन से ट्रांसफार्मर काटकर कॉपर निकाल लिया। इसके अलावा अन्य सामान लूटकर उसे गाड़ी में लादकर ले गए। मंगलवार सुबह एसएसओ ने पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसओ पवन कुमार के मुताबिक रात 10 बजे के बाद की घटना है। उस वक्त वह और चौकीदार सोवरन सिंह जाग रहे थे। तभी अचानक दो बदमाश विद्युत उपकेंद्र में घुस आए। उन्होंने सबसे पहले चौकीदार को तमंचे के बल पर कमरे में बंद कर दिया। उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। फिर चौकीदार को एसएसओ के कमरे में ले गए। वहां एसएसओ को भी तमंचे के बल पर कमरे में बंद कर दिया। इसी दौरान छह और बदमाश विद्युत उपकेंद्र में घुस आए। उन्होंने सबसे पहले एसएसओ व चौकीदार का मोबाइल छीन लिया। दोनों को एक ही कमरे में बंद कर दिया और लूटपाट शुरू कर दी।
विद्युत उपकेंद्र में पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। बदमाशों ने कटर मशीन से ट्रांसफार्मर काट डाला। उसके अंदर से कॉपर निकाल लिया। फिर स्टोर रूम का ताला खुलवाया। यहां भी एक मशीन को काटकर उसका कॉपर निकाल लिया। उन्होंने करीब 70-80 किलो कॉपर निकालकर एकत्र कर लिया। अभी दो दिन पहले ही उपकेंद्र में नया इन्वर्टर और दो बैटरी लगवाए गई थीं, उन्हें भी लूट लिया गया। बदमाश करीब तीन-चार घंटे तक उपकेंद्र में लूटपाट करते रहे। उन्होंने कॉपर एक पिकअप में लाद लिया जबकि इन्वर्टर, बैटरी एक कार में रखकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद सुबह विद्युत उपकेंद्र के सामने से लोग गुजरे तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस संबंध पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है, जिस पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।
-
सोमवार रात आठ बदमाशों ने विद्युत उपकेंद्र में घुसकर एसएसओ और चौकीदार को कमरे में बंद कर दिया था। वे कटर मशीन साथ लेकर आए थे। उन्होंने ट्रांसफार्मर काटकर कॉपर निकाल लिया और अन्य सामान लूट लिया। इस संबंध में तहरीर दे दी गई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
- हरीश कुमार, जेई
-
विद्युत उपकेंद्र में लूटपाट का मामला संज्ञान आया है। जांच को टीम लगा दी गई है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी