उझानी/कछला (बदायूं)। भतीजी की लग्न चढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे सतीश सिंह और उनके बहनोई योगेंद्र सिंह को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया, इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक योगेंद्र कासगंज जिले में सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के निवासी थे। उन्हें सतीश के घर मुजरिया (बदायूं) के गांव मैजूदा लौटना था। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साले-बहनोई के शव पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजन को सौंप दिए गए हैं।
हादसा बृहस्पतिवार मध्यरात्रि के बाद करीब एक बजे हुआ। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव मैजूदा निवासी महेशपाल की बेटी का रिश्ता कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव तारापुर में तय हुआ था। बृहस्पतिवार को उसकी लग्न चढ़ी। लग्न में महेश के साथ रिश्तेदार तारापुर पहुंचकर शामिल हुए, उनमें महेश के भाई सतीश सिंह (58) और चचेरे बहनोई कासगंज जिले में सिकंदरपुर वैश्य के गांव गबरा निवासी योगेंद्र सिंह (38) भी थे। लग्न चढ़ाकर घर लौटते समय सतीश की बाइक पर योगेंद्र भी बैठ गए। सतीश हेलमेट लगाए थे लेकिन योगेंद्र बिना हेलमेट थे।
कछला में सोसायटी गोदाम के सामने स्पीड ब्रेकर पर पीछे से आई बोलेरो ने दोनों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक-तारापुर से कुछ और लोग भी निजी वाहनों से लौटे तो सतीश और योगेंद्र लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े मिले। मृतक सतीश के परिजन भगवान सिंह की मौजूदगी में ही दोनों के शव के शिनाख्त की औपचारिकता पूरी की गई। भगवान सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन सतीश और योगेंद्र का शव गांव लेकर चले गए।
-
ब्रेकर से बाइक सवारों को बचकर निकलना मुश्किल
कछला में सोसायटी गोदाम के पास जो ब्रेकर है, उसकी ऊंचाई काफी अधिक है। ब्रेकर के दोनों छोर पर सड़क किनारे पटरी नहीं होने से बचकर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। हादसा स्थल के आसपास इलाके के लोग बताते हैं कि बरेली-मथुरा हाईवे पर होकर जो छोटे वाहन गुजरते हैं, उनमें खासकर बाइकों पर पीछे बैठी सवारी का संतुलन भी बिगड़ जाता है। यही नहीं, ब्रेकर पर रिफ्लेक्टर भी नहीं लगे हैं, जिससे वाहन चालक उसका अंदाजा लगा सकें।
मृतक योगेंद्र। फाइल फोटो- फोटो : BADAUN