ओरछी। लापता लड़की की कोई खबर न मिलने पर पीड़ित परिवार सोमवार को एक मंदिर पर धरने पर बैठ गया। जानकारी होने पर एसओ व सीओ मौके पर पहुंचे तथा लड़की की जल्द से जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया। सीओ के आदेश पर सोमवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के एक गांव से एक लड़की पिछले दिनों लापता हो गई थी, जिसकी जानकारी परिवार ने 13 अप्रैल को थाने में दी थी। परिवार वालों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद भी कई बार परिजन ने पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन उन्हें अनसुना कर दिया गया। सोमवार को पीड़ित परिवार मय बच्चों के एक मंदिर पर धरना देकर बैठ गया। उनका कहना था कि पुलिस उनकी नहीं सुन रही है, जिससे वे भूख हड़ताल करेंगे। इधर, जानकारी होने पर एसओ चरन सिंह राणा व सीओ शक्ति सिंह मौके पर पहुंचे तथा परिवार वालों से बात की। सीओ के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही लड़की की बरामदगी कर ली जाएगी।