मूसाझाग (बदायूं)। गांव मानिकापुर कौर में तीन दिन से लापता छह माह की बच्ची कौशल्या का शव मंगलवार को नजदीक के तालाब में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवा कर उसका पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण पता नहीं चला लेकिन ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं।
ग्राम मनिकापुर कौर निवासी इलमोद कुमार के मुताबिक 16 अप्रैल को उनके गांव में दावत थी। इसमें वह और उनकी पत्नी गए थे। अन्य बच्चों के साथ छह माह की कौशल्या को आसपास के लोगों को जानकारी देकर घर पर छोड़ गए थे।
जब वह लौटकर आए तो उनकी बेटी नहीं थी। काफी तलाश किया पर जानकारी नहीं मिली। ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह नजदीक के तालाब में कुछ कछुए बालिका के शव को खींचकर किनारे पर ले आए थे तब ग्रामीणों की सूचना पर मूसाझाग थाना पुलिस पहुंच गई। उसके बाद बच्ची के शव की शिनाख्त कराने के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में मौत की वजह सामने नहीं आई। ग्रामीणों का कहना है कि बच्ची की हत्या की गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
-
मूसाझाग के मनिकापुर कौर में एक बच्ची का शव तालाब में पड़ा मिला। उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हुई है। जांच कराई जा रही है। उसके बाद कार्रवाई कराई जाएगी।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी