अजब तमाशाः मुजरिया में गर्म रॉड से चारपाई से बंधे युवक को दागता हुआ। (वीडियो से लिया गया स्क्रीन श?
- फोटो : BADAUN
बदायूं। मुजरिया इलाके का एक वीडियो वायरल हुआ है, इसमें एक व्यक्ति तमाशा दिखाने के दौरान युवक को चारपाई से बांधकर गर्म रॉड से दागता दिखाई दे रहा है। जबकि दूसरा युवक उसके शरीर पर तेल डाल रहा है। जानकारी होने पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तमाशा बंद करा दिया। उसके मालिक को चेतावनी दी है कि अगर इस तरह का तमाशा दिखाया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो के मुताबिक ये मामला मुजरिया थाना क्षेत्र के कौल्हाई गांव का है। तमाशा दिखाने वाला युवक भी कौल्हाई गांव का बताया जा रहा है। उसने गांव में तमाशा दिखाने के लिए पंडाल लगा रखा है, जहां रोजाना शाम को साइकिल चलाकर तमाशा दिखाता है। शनिवार को वायरल हुए वीडियो में कुछ अजीब तमाशा दिखाई दे रहा है। पंडाल में एक चारपाई डालकर उस पर एक युवक को लिटा दिया गया है। उसके हाथ पैर कपड़े से चारपाई से बांध दिए हैं। उसके चारों ओर दो लोग घूमते दिखाई दे रहे हैं। उनमें एक युवक गर्म रॉड लेकर चारपाई से बंधे युवक को दाग रहा है। जबकि दूसरा युवक बर्तन में तेल लेकर उस युवक के शरीर पर लगा रहा है।
ये वीडियो तमाम व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक पर वायरल हो रहा है। इस पर तमाम लोग प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। शनिवार शाम थाना पुलिस जानकारी पर कौल्हाई गांव पहुंची। उसके बाद पुलिस ने तमाशा बंद करा दिया। पुलिस ने तमाशा दिखाने वाले को चेतावनी दी है।
-
मुजरिया में एक कलाकार अपने साथियों के संग यह तमाशा दिखा रहा था। यह लोग किसी से जबरन इस तरह नहीं करा रहे थे बल्कि स्वेच्छा से कर रहे थे। इन्हें खतरनाक खेल बंद न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वरना इन पर कार्रवाई की जाएगी।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी