बदायूं। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाला गिरोह लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहा है लेकिन पुलिस उन तक नहीं पहुंच पा रही है। अब आवास विकास इलाके में एक अध्यापिका का एटीएम कार्ड बदल दिया गया और उसके खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। अध्यापिका ने कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आवास विकास कॉलोनी निवासी प्रियंका वर्मा पत्नी संदीप कुमार वर्मा ककराला के एक स्कूल में अध्यापिका हैं। उनका खाता भी ककराला के एक बैंक में है। प्रियंका वर्मा के मुताबिक वह रविवार शाम अपनी एटीएम कार्ड लेकर कुछ रुपये निकालने के लिए आवास विकास गेट पर स्थित एटीएम गईं थीं। जब वह रुपये निकाल रहीं थीं। तभी एक युवक अंदर घुस आया। उसने जल्दबाजी दिखाते हुए उनका एटीएम कार्ड निकाल लिया। जब उन्होंने अपना कार्ड मांगा तो उसने बदलकर दूसरा कार्ड दे दिया। वह कार्ड भी उनके जैसा था। इससे वह कार्ड लेकर अपने घर चली गईं। कुछ देर बाद उनके मोबाइल में रुपये निकलने का मेसेज आया। जब उन्होंने बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके रुपये निकलने से रोकने की कोशिश की, तब तक उनके खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने तुरंत शेष 15 हजार रुपये अपने पति के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इससे वे रुपये बच गए। प्रियंका वर्मा ने इस संबंध में सिविल लाइंस थाना पुलिस को तहरीर दी है। संवाद