सैदपुर (बदायूं)। कस्बे में युवती की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। उसके कमरे में कपड़ों में छिपाकर रखा गया एक मोबाइल बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि मोबाइल युवती प्रयोग कर रही थी। परिवारवालों से भी कई जानकारी मिलीं हैं, जिनके बारे में पुलिस खामोश है। समझा जा रहा है कि पुलिस किसी नतीजे के करीब है और खुलासा चौंकाने वाला हो सकता है।
18 मार्च की रात सैदपुर कस्बे में 18 वर्षीय निशा की उसके ही घर में गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। सुबह उसका शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला था। शुरुआती दौर में परिवार वाले उसके शव का पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते थे और न ही उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। और तो और उन्होंने युवती के शव को दफन करने के लिए कब्र भी खोदवा ली थी। दोपहर बाद पुलिस को किसी तरह सूचना मिली तो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटना आई। शव पर चोट के कई निशान मिले जिससे लगा कि बेरहमी से युवती को पीटा गया। तब से पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इस संबंध में युवती के परिवार वालों ने एक युवक के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस आरोपी युवक के परिवारवालों से पूछताछ कर चुकी है लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला है। अब उसके परिवार वाले भी घर पर ताला लगाकर भाग गए हैं।
इधर, सोमवार शाम थाना पुलिस ने युवती के घर पहुंचकर उसके कमरे की तलाशी ली। इस दौरान वहां कपड़ों में छिपाकर रखा एक मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने युवती के परिवारवालों से भी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पुलिस को इसमें कई अहम सुराग मिले हैं। इससे पुलिस खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। खुलासा चौंकाने वाला हो सकता है।