सिविल लाइंस थाने में चोरी की बाइक के साथ खड़ा ऑटोलिफ्टर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार रात मंडी समिति चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक ऑटोलिफ्टर दबोच लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक बरामद की हैं। मंगलवार दोपहर मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
सोमवार रात सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी और मंडी चौकी प्रभारी अशोक कुमार अपनी टीम के साथ मंडी समिति चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने चौराहे पर पहुंचते ही उसे रोक लिया। उससे बाइक के कागजात मांगे गए लेकिन वह नहीं दिखा सका। गहराई से जांच की गई तो पता चला कि मोटरसाइकिल चोरी की है। इससे उससे कड़ी पूछताछ की गई। उसने अपना नाम इकलहरी निवासी कुलदीप यादव बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच और बाइक बरामद की। कुलदीप ने बताया कि वह अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी करता है। नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेच देता है। पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दोपहर के समय उसे जेल भेजा गया। संवाद