उझानी में कछला के पास हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी/कछला (बदायूं)। दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में अमरदीप शर्मा की मौत हो गई। मृतक का बेटा घायल है। हादसे के बाद जुटे लोगों ने दूसरी बाइक सवार व्यक्ति को दबोच लिया। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
हादसा कछला के पास बुधवार अपराह्न करीब चार बजे हुआ। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नरसेना निवासी अमरदीप शर्मा (35) दोपहर बाद बच्चों के कपड़े खरीदने के लिए बेटे शिवम के साथ उझानी के लिए निकले। कपड़े और घरेलू सामान खरीदकर घर लौटते समय अमरदीप और दूसरी तरफ से मूसाझाग क्षेत्र के संजीव यादव की बाइकें भिड़ गईं। अमरदीप लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक अमरदीप के बेटे समेत दूसरी बाइक सवार संजीव के चोट आई है। इसके बाद मौके पर जुटे लोगों ने दूसरी बाइक सवार संजीव को दबोच कर कछला चौकी के पुलिस कर्मियों के हवाले कर दिया। पुलिस ने शिवम और संजीव का प्राथमिक उपचार कराया है। हादसे की भनक लगते ही नरसेना से अमरदीप के परिवार के लोग भी आ गए। उनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने भेज दिया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मृतक के परिवार की ओर से फिलहाल तहरीर नहीं दी गई है। संवाद