उझानी (बदायूं)। क्षेत्र के गांव पीयरखंदना के आश्रम में चली रही श्रीमद्भागवत कथा में कथावाचक बुधवार दोपहर लापता हो गया। आरोप है कि कथावाचक चंदे के डेढ़ लाख रुपये भी ले गया है। आश्रम के संचालक बाबा भूतनाथ ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है।
पीयरखंदना आश्रम के संचालक बाबा भूतनाथ अपराह्न कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि आश्रम पर पांच दिन से श्रीमद्भागवत कथा हो रही है। फिरोजाबाद जिले के जसराना निवासी एक शास्त्री को कथा सुनाने के लिए बुलाया था। कथा और समापन पर भंडारे के आयोजन के लिए बाबा ने गांव समेत आसपास इलाके से चंदा भी किया। चंदे की रकम आश्रम में रखी थी। आरोप है कि बुधवार दोपहर कथावाचक आश्रम में नजर नहीं आया। आश्रम में बाबा को चंदे की रकम भी नहीं मिली। कथावाचक पर चोरी का आरोप लगाते हुए बाबा ने तहरीर भी पुलिस को सौंप दी। तहरीर में कहा गया है कि ऐसे आपराधिक कृत्य के दोषी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। बाबा की शिकायत के बाद हकीकत का पता करने के लिए पुलिस भी मौके पर गई। रुपये समेटकर कथावाचक के लापता होने के बाद से उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है। पुलिस तहकीकात में जुट गई है। चंदे की रकम भंडारे पर खर्च होनी थी। संवाद