शराब कंपनी के एरिया मैनेजर का शव मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिवारवाले। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शराब ठेकेदार कंपनी के एरिया मैनेजर हरनाम सिंह यादव मंगलवार देर रात बिल्सी थाना क्षेत्र में गंभीर हालत में पड़े मिले, बाद में उनकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल पहुंचे परिवारवालों ने हत्या की आशंका जताई है तो पुलिस इसे हादसा मान रही है।
सहसवान के ग़ांव सिलहरी निवासी हरनाम सिंह यादव (48) अकेले ही बिल्सी में कमरा लेकर रहते थे। जिला अस्पताल में उनके बड़े बेटे वीरेश ने बताया कि पुलिस ने उन लोगों को पिता के हादसे में घायल होने की सूचना दी। बताया गया कि बांस बरौलिया के पास उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हुई है। वह लोग यहां आए तो पता लगा कि पिता की मौत हो चुकी थी। बताया कि पिता शाम को शराब की दुकानें चेक करने निकले थे। उन्हें लग रहा है कि जरूर शराब के धंधेबाजों ने साजिश करके पिता की हत्या की है। वीरेश ने कहा कि पुलिस एक्सीडेंट बता रही है पर पिता के कपड़ों पर खून ही नहीं दिख रहा है। वहीं बिल्सी पुलिस का कहना है कि मामला एक्सीडेंट का ही है। बाकी स्थिति पोस्टमार्टम में साफ हो जाएगी। संवाद