ककराला में ड्रोन कैमरे से सुरक्षा व्यवस्था देखती पुलिस। संवाद
- फोटो : BADAUN
ककराला (बदायूं)। ककराला कस्बे में सरेआम फायरिंग करने वाले दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। दोनों पक्षों ने पहले एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में वह आमने-सामने आ गए थे और उन्होंने फायरिंग कर दी थी। इस दौरान चौकी पुलिस भी मौजूद थी। अब पुलिस ने दोनों पक्षों के चार नामजद व आठ-नौ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ककराला में शनिवार दोपहर से विवाद शुरू हुआ था। दोपहर के समय रुस्तम पक्ष ने असरार पक्ष पर हमला कर दिया था। मारपीट की और फायरिंग करते हुए भाग गए थे। इससे दूसरा पक्ष बदला लेने की फिराक में था। शाम के समय असरार पक्ष के लोगों ने रुस्तम पक्ष पर हमला कर दिया। गली में खड़े होकर फायरिंग कर दी। कुछ लोगों के साथ मारपीट भी कर दी। इस संबंध में सबसे पहले असरार ने एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में रुस्तम का बेटा भी थाने पहुंच गया और उसने असरार आदि के खिलाफ एनसीआर लिखा दी। इससे बावजूद मामला ठंडा नहीं हुआ। दोनों पक्षों ने देर शाम एक-दूसरे के ऊपर फायरिंग कर दी। इस दौरान ककराला चौकी पुलिस भी मोहल्ले में तैनात दी। सिपाही नरेंद्र कुमार के मुताबिक वह शांति व्यवस्था के तहत ड्यूटी पर तैनात थे। तभी उन्होंने फायरिंग की आवाज सुनी थी। जब वह मौके पर पहुंचे, तब रुस्तम पक्ष और असरार पक्ष एक-दूसरे पर असलहे तानकर खड़े थे। वह एक दूसरे को जान से मारने की फिराक में थे। जब उन्होंने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो वह मौके से भाग गए। इस मामले में सिपाही नरेंद्र सिंह ने रुस्तम, उसके बेटे विक्रम, दूसरे पक्ष के असरार और तफ्सील के अलावा आठ-नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
-
ड्रोन कैमरे से कस्बे में की गई निगरानी
ककराला कस्बे में रविवार को पुलिस ने ड्रोन कैमरे से निगरानी की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर पुलिस तैनात रही। ड्रोन कैमरे से पूरे कस्बे के माहौल का जायजा लिया गया। कहीं भीड़ एकत्र दिखाई दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें दौड़ा दिया।