वजीरगंज (बदायूं)। कस्बे में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे बीज भंडार मालिक के मकान में हुई चोरी का बुधवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। चोरी करने वाला और कोई नहीं बल्कि दुकान का नौकर ही निकला। उसने दोस्त के साथ मिलकर लाखों का सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विगत 18 नंवबर की रात कस्बा निवासी अमित के घर में लाखों की चोरी हो गई थी। चोर उनके आवास में कमरे की खिड़की पर लगा एसी हटाकर घुसे थे। साथ ही सात लाख रुपये के जेवर, 20 हजार रुपये चोरी करके ले गए थे।
उस दिन बीज भंडार मालिक बरेली गए थे। दूसरे दिन जब लौटकर आए तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले।
पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन नतीजा नहीं निकला। बाद में पुलिस ने अमित की दुकान पर काम करने वाले नन्हे से भी पूछताछ की। काफी छानबीन के बाद पता चला कि चोर नन्हे ही है। इस पर एसआई वयारिस खान ने उसे बुधवार को आंवला रोड पर कुंवरगांव तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसका साथी लहरा निवासी नूर मोहम्मद भी पकड़ा गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चेन, लौंग, टॉप्स, पायजेब और 11 हजार रुपये बरामद किए हैं। कुछ जेवर आरोपियों ने सराफ को बेच दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। संवाद