मुजरिया (बदायूं)। गांव नसीरपुर नैथू में बृहस्पतिवार रात एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद चले लाठी-डंडों में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ओर से मामला दर्ज कर घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
बृहस्पतिवार रात थाना क्षेत्र के गांव नसीरपुर नैथू निवासी शशिप्रकाश पुत्र छोटेलाल की शादी समारोह चल रहा था। उसमें तमाम रिश्तेदार आए थे। एक पक्ष के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजपुर निवासी जितेंद्र के मुताबिक वह अपनी मां ओमवती और भाई देवेंद्र के साथ समारोह में आए थे। कार्यक्रम के दौरान वह डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान बिल्सी क्षेत्र के गांव बरौलिया निवासी भारत और उनके बेटे राहुल ने उनसे डांस करने को मना किया। उन्होंने कहा कि यहां सभी लोग डांस कर रहे हैं। इस पर भारत, राहुल और उनके परिवार के अन्य लोगों ने मारपीट कर दी। जबकि भारत के अनुसार देवेंद्र और जितेंद्र डीजे पर डांस कर रहे थे। वहीं उनकी बहन फूलबाला खड़ी थीं। इन लोगों ने उससे डांस करने को कहा। जब उन्होंने मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसमें ओमवती, देवेंद्र, जितेंद्र और दूसरे पक्ष की फूलबाला, हीराकली पत्नी भारत घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ओर से मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
---
मामूली विवाद पर मारपीट, पथराव
बिसौली (बदायूं)। कस्बे की संजय नगर कॉलोनी में शुक्रवार शाम मामूली बात पर मारपीट और पथराव हो गया। कॉलोनी निवासी राजेश बाबू मुताबिक मामूली बात को लेकर उनका अपने पड़ोसी बट्टन, पवन और गौरव आदि से विवाद हो गया। इस पर तीनों लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर आ धमके। उन्होंने राजेश और उनकी मां कल्लो के साथ मारपीट की। जब मोहल्लेवालों ने विरोध किया तो आरोपियों ने अपनी छत से पत्थरबाजी शुरू कर दी। इससे मोहल्ले भाग खड़े हुए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। संवाद