बदायूं। बृहस्पतिवार रात कुरऊ बाईपास चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, हादसे में 28 वर्षीय बलधारी की मौत हो गई। जबकि उसका साथी को गंभीर चोटें आईं हैं। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा होली चौक निवासी बलधारी खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे। बृहस्पतिवार रात उनके परिवार में एक कार्यक्रम था। उसमें भगवतीपुर मढ़ैया निवासी किशनपाल शामिल हुया था। रात 12 बजे कार्यक्रम समाप्त हुआ। इसके बाद बाइक पर बलधारी किशनपाल को छोड़ने उनके गांव जा रहा था। इस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए था। उसकी बाइक जैसे ही आसरा आवास के नजदीक कुरऊ बाईपास चौराहे पर पहुंची। तेज रफ्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। इस हादसे में बलधारी की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं किशनपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और किशनपाल को जिला अस्पताल ले गई। बाद में बलधारी के शव को मोर्चरी में रखवाया गया। परिवारवाले भी मोर्चरी पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार दोपहर बलधारी के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। परिवारवालों के मुताबिक बलधारी तीन भाइयों में मझला था, उसकी एक बेटी और दो बेटे हैं। संवाद