वजीरगंज के सिंगथरा में स्कूल का निर्माणाधीन आउंड्री। संवाद
- फोटो : BADAUN
वजीरगंज। ब्लॉक के गांव सिंगथरा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री निर्माण में पीली ईंट और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को हंगामा कर दिया। ग्रामीणों के हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बीच सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया। ग्रामीणों ने प्रधान और सचिव पर आरोप लगाए हैं।
वजीरगंज के गांव सिंथरा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री का निर्माण ग्राम निधि से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में पीली ईंट और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की बात पता लगा की सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण स्कूल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। विरोध प्रदर्शन कर काम रुकवाने और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस ने फिलहाल काम रुकवा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटिया निर्माण करा कर धन का बंदरबांट किया जा रहा है। इसकी शिकायत सतपाल कश्यप, मोरपाल, भोले आदि ने उच्च अधिकारियों से करते हुए ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान हरीश चंद्र कश्यप से जब इस संबंध में बात की गई तो उनका कहना है कि गांव के कुछ लोग नहीं चाहते कि स्कूल की बाउंड्री का निर्माण हो ताकि वह स्कूल की जमीन का इस्तेमाल करते रहें। संवाद