बदायूं। जरीफनगर पुलिस और स्पेशल टीम ने आदमपुर के जंगल में दबिश देकर अवैध असलहे बनाते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में असलहे और असलहे बनाने का सामान बरामद किया है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के मुताबिक बुधवार को जरीफनगर पुलिस और स्पेशल टीम को सूचना मिली कि आदमपुर के जंगल में अवैध शस्त्र बनाने का धंधा चल रहा है। इस पर दोनों टीमों ने मुखबिर की सूचना पर आदमपुर के जंगल में घेराबंदी की। जहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने पूछताछ में अपने नाम सहसवान के भगतानगला निवासी जितेेंद्र और शाहपुर निवासी सिवते नबी बताए। पुलिस ने मौके से 10 तमंचे, चार कारतूस, चार अधबने तमंचे, नाल, ड्रिल मशीन और गैस सिलिंडर आदि बरामद किया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह असलहे बनाकर जिले में और आसपास जिले में सप्लाई कर रहे थे। मामले में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। संवाद