बिल्सी। बुधवार शाम कछला-शाहबाद हाईवे स्थित गांव रफीनगर के पास एक तेज रफ्तार कार ने दावत खाकर साइकिल से गांव लौट रहे युवक को रौंद दिया। इसके बाद कार पेड़ से टकराने के बाद खाई में पलट गई। इसमें साइकिल सवार समेत सात लोग घायल हो गए। मुजरिया थाना पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बिसौली थाना क्षेत्र के गांव परसिया निवासी ज्ञानेश कुमार अपने परिवार के साथ कार से करीब चार बजे कछला की ओर जा रहे थे। उनकी कार कछला-शाहबाद हाईवे स्थित गांव रफीनगर के पुल से उतरते ही अनियंत्रित हो गई। उसी दौरान सामने से क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी रितेश यादव अपनी साइकिल से दावत खाकर गांव रफीनगर से लौट रहा था। उसे बचाने के चक्कर में कार पूरी तरह से अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। बाद में सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराते हुए खाई में पलट गई। इससे कार में सवार ज्ञानेश कुमार, उनकी पत्नी स्वाति, मां विशेष कुमारी, पुत्र उदित, निमित एवं संजना पुत्री श्यामलाल घायल हो गए। साइकिल सवार रितेश यादव को भी काफी चोटें आईं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले सभी घायलों को इलाज के लिए बिल्सी के सीएचसी पर भेजा। वहां उनकी प्राथमिक चिकित्सा के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद