दबतोरी (बदायूं)। बिसौली इलाके में एक सिरफिरे युवक ने दूल्हे की कार रोककर दुल्हन के अपहरण की कोशिश की। उसने साथियों के साथ दूल्हे और कुछ रिश्तेदारों के साथ मारपीट भी की। इसी दौरान पीछे से बरातियों से भरी बस आ गई। बरातियों ने घेराबंदी की, प्रेमी और उसके साथियों की पिटाई लगाई। बाद में आरोपी भागने में सफल रहे। दूल्हे और रिश्तेदारों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामला मंगलवार सुबह करीब नौ बजे का है। बताया जाता है कि सोमवार रात बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव में हापुड़ जिले से एक युवक की बरात आई थी। बताते हैं कि उसकी शादी जिस युवती से हुई है उससे गांव का ही एक युवक प्रेम करता है। सोमवार रात बरात के स्वागत से लेकर जयमाला कार्यक्रम, फेरे आदि शांति से निपट गए लेकिन मंगलवार सुबह विदाई के बाद बड़ा हंगामा हो गया। दूल्हा अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ दुल्हन को कार से विदा कराकर गांव से निकला। इसी दौरान सिरफिरे युवक ने अपने आठ-दस साथियों के साथ दबतोरी के नजदीक दूल्हे की कार सड़क पर बाइक लगाकर रोक दी। उसने दूल्हे को नीचे उतार लिया और उसके साथ मारपीट की। कार में सवार उसके रिश्तेदारों ने विरोध किया तो उनसे मारपीट करने के साथ दुल्हन को ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान पीछे से बरातियों की बस आ गई। बस में सवार तमाम बरातियों ने आरोपियों को घेर लिया और पिटाई भी लगाई। इसी दौरान किसी तरह आरोपी भागने में सफल रहे। इसके बाद सभी बराती पुलिस चौकी पहुंचे और उन्होंने आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी। फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
-
मामला मेरे संज्ञान में है। इस संबंध में पुलिस चौकी पर शिकायत आई है। मामले की जांच कराई जा रही है। उसके बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
- शक्ति सिंह, सीओ बिसौली