बदायूं। रोडवेज बस स्टैंड पर बदायूं डिपो के एआरएम लक्ष्मण सिंह और एक संविदा चालक के बीच तकरार हो गई। दोनों के बीच आस्तीनें तन गईं और बात गरमा-गरमी तक पहुंच गई। इसका किसी ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बृहस्पतिवार को डिपो में यह वीडियो चर्चाओं में बना रहा।
वीडियो में संविदा चालक और एआरएम एक दूसरे को तमीज सीखने की नसीहत दे रहे हैं। आस-पास कई कर्मचारी खड़े हैं और बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं। चालक भी एआरएम से कह रहा है जरा तमीज सीख लो। इस संबंध में एआरएम लक्ष्मण सिंह से बात करने पर उन्होंने कहा कि संविदा चालक एक बाबू से गलत तरह से बात कर रहा था। इस पर उन्होंने उसको टोका था। झगड़े जैसी कोई बात नहीं है। बाद में चालक ने अपनी अनुशासनहीनता के लिए माफी मांग ली है। कार्यालय में अनुशासनहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने और अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। संवाद