कुंवरगांव (बदायूं)। विधानसभा चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद जिले में उड़नदस्ते सक्रिय हो गए हैं। रविवार को उड़नदस्ते ने 1 लाख 10 हजार की नकदी जब्त की। हालांकि मालिक और वाहन को छोड़ दिया गया। रकम का वैध स्रोत दिखाने पर उसे वापस कर दिया जाएगा।
थाना कुंवरगांव पुलिस रविवार शाम को बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में बरेली के थाना आंवला सीमा पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान संभल नंबर की कार को रोककर चेक किया। इसमें राजुल अग्रवाल निवासी ब्रह्म बाजार चंदौसी जिला संभल के पास से एक लाख दस हजार रुपये बरामद किए। राजुल के साथ दो अन्य साथी भी थे। इन लोगो ने खुद को बर्तन व्यवसायी बताया। कहा कि व्यापार के सिलसिले में बदायूं आए थे। अब वापस जा रहे हैं। हालांकि इतनी रकम ले जाने का संतोषजनक उत्तर न देने पर मौके पर ही फ्लाइंग स्क्वॉड टीम के प्रभारी मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद को बुला लिया गया। टीम ने बताया कि फिलहाल रुपये जब्त कर राजकीय कोष में जमा करा दिए हैं। व्यापारियों को छोड़ दिया गया। वैध कागजात दिखाने पर रुपये उन्हें सौंपे जा सकते हैं। संवाद