बदायूं। दातागंज तिराहे पर छोले भटूरे का ठेला लगाने वाले शख्स को दो सूदखोर स्कूटी पर बैठा ले गए। दस घंटे बाद भी ठेले वाले का परिवार उसकी तलाश में भटक रहा था। पुलिस भी परिवार को संतोषजनक जवाब नहीं दे रही थी।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में दातागंज तिराहे पर 50 वर्षीय हरिओम शर्मा निवासी शाहबाजपुर छोले भटूरे का ठेला लगाते हैं। उनके बेटे अनमोल शर्मा ने थाने पर दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह वह भी पिता के साथ ठेले पर थे। दोपहर बारह बजे करीब तीन सूदखोर आए और उनके पिता को पीटने लगे। फिर जबरन ले जाने लगे। उन्होंने विरोध किया तो उनसे भी मारपीट की। फिर पिता को स्कूटी पर बैठा ले गए। बताया कि रात नौ बजे तक पिता का सुराग नहीं लगा है। अनमोल के मुताबिक इन सूदखोरों से उनके पिता ने चार साल पहले 13000 रुपये लिए थे। वह ब्याज समेत चुकता कर चुके हैं। कई गुना रकम देने के बाद भी दबंग बकाया बता रहे हैं। संवाद