बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधीनगर में चोर शिक्षक के मकान से नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेत करीब ढाई लाख रुपये का माल समेटकर ले गए। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शिक्षक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
अलीगढ़ के थाना गंगीरी के गांव टिकरी निवासी कल्यान सिंह शिक्षक हैं। यहां वह मोहल्ला गांधी नगर में मनसुख गुप्ता के मकान में छह माह से किराये पर परिवार के साथ रह रहे है। छह जनवरी को वह अपने कमरे में ताला डालकर पत्नी के साथ अलीगढ़ गए थे। बृहस्पतिवार सुबह मकान स्वामी ने कल्यान को कॉल करके सूचना दी कि उनके कमरे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर वह अलीगढ़ से यहां पहुंचे। कमरे का ताला टूटा था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। बक्से में रखे पत्नी के सोने चांदी के जेवर, नकदी समेत साइकिल गायब थी। कल्यान के मुताबिक चोर करीब ढाई लाख का सामान चोरी कर ले गए। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले में जांच की जा रही है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद