बदायूं। साइबर ठग लोगों को ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब ठगों ने बूस्टर डोज लगवाने के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। वे कॉल करके लोगों का रजिस्ट्रेशन करने के बहाने ओटीपी नंबर पूछ लेते हैं और उसी के जरिये उनके खाते खाली कर देते हैं।
इस समय कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। सरकार लोगों से अपील कर रही है कि जो लोग वैक्सीन लगवाने के लिए रह गए हैं, वे जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाएं। अब सरकार 15 से 18 साल तक के किशारों का टीकाकरण भी शुरू करने जा रही है तो सरकारी कर्मचारियों को बूस्टर डोज लगवाने को कहा गया है। साइबर ठग इसी के नाम पर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। वह कॉल करके संबंधित व्यक्ति से अपना रजिस्ट्रेशन कराने को कहते हैं। अगर व्यक्ति उनके झांसे में आ जाता है तो वह रजिस्ट्रेशन के नाम पर उससे ओटीपी नंबर पूछ लेते हैं, फिर उसी के जरिये उसके खाते से रुपये निकाल लेते हैं।
हालांकि इस तरह के मामले बदायूं जिले में नहीं आएं हैं लेकिन कुछ जिलों में इस तरह से लोगों से ठगी हुई है। इससे जिले की पुलिस भी सतर्क हो गई है। ऐसे में एसएसपी ने लोगों से सावधान रहने को कहा है। उनका कहना है कि इस तरह के लोगों के झांसे में न आएं। वह अपना ओटीपी नंबर या खाता नंबर किसी से शेयर न करें। अन्यथा अपराधियों का शिकार बन सकते हैं।
-------------------
ऐसे बना रहे शिकार
- बूस्टर डोज लगवाने के लिए भेज रहे रजिस्ट्रेशन का लिंक
- लिंक भेजकर डिटेल भरने को कहते हैं
- फिर ओटीपी नंबर शेयर करने को कहते हैं, उसके बाद खाते से राशि निकल जाती है
-
ये रखें सावधानी
- बूस्टर डोज लगवाने के लिए कॉल आए तो रहें सावधान
- कोई ईमेल या मेसेज पर बिना जांच के न करें क्लिक
- अपना खाता नंबर या आधार नंबर नहीं करें शेयर
- फर्जी मेसेज से रहें सावधान, न भरें डिटेल
- ओटीपी नंबर हरगिज न बताएं
-
साइबर अपराधी अलग-अलग तरह से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इस समय बूस्टर डोज लगवाने के नाम पर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि इस तरह की कोई शिकायत बदायूं में नहीं आई है लेकिन मामले जरूर सुनने को मिल रहे हैं। ऐसे में लोग अपना ओटीपी नंबर, खाता नंबर या अन्य जानकारी किसी से शेयर न करें।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी