उझानी में चोरी के बाद तहकीकात करते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। चोरों ने रविवार रात बरेली-मथुरा हाईवे से जुड़े बाईपास पर तीन दुकानों से नकदी के अलावा हजारों की बैटरी और इन्वर्टर चोरी कर लिए। सुबह मौके पर पुलिस पहुंची और दुकानदारों से घटना के बारे में जानकारी की।
चोरी की तीनों घटनाएं एक बरातघर के पास हुईं। बदायूं में ऊपरपारा मोहल्ला निवासी अनवार की इन्वर्टर और बैटरी समेत इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान की दुकान बरातघर के बाहर है। दोनों दुकानों का एक गेट बरातघर के अंदर की ओर निकला है। चोरों ने पिछले गेट का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया। सोमवार तड़के लोगों ने पिछला दरवाजा टूटा और बाहर बरातघर परिसर में सात-आठ बैटरी पड़ी देखीं तो फोन कर अनवार को बुला लिया। अनवार ने बताया कि चोर छोटे-बड़ी तीन दर्जन बैटरी और 12 इन्वर्टर और गुल्लक से नकदी निकाल ले गए। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर की तस्वीर भी कैद हो गई है। अंधेरे की वजह से उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है।
इसके अलावा चोरों ने पास में ही मुनेश राठौर की बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान में भी चोरी कर ली। मुनेश की दुकान की गुल्लक से 15 हजार रुपये तो पड़ोसी मधुर प्रताप की हार्डवेयर की दुकान से चोर नकदी समेत करीब 40 हजार रुपये का सामान निकाल ले गए। सूचना के बाद दरोगा अनूप सिंह ने मुआयना करने के बाद अनवार की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी। पुलिस ने बताया कि अनवार की दुकान के सात-आठ बैटरी बाहर ही मिल गई हैं। बाकी की दुकानों से कोई खास सामान नहीं गया है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। संवाद