बदायूं। शहर के गुप्ता दंपती हत्याकांड में मुख्य आरोपी उदय प्रकाश वर्मा के भाई योगेश के नार्को टेस्ट पर सस्पेंस बना हुआ है। कुछ दिन पहले उसने टेस्ट कराने को हामी भर दी था अब सूत्रों का कहना है कि वह मना कर रहा है। इस संबंध में परिवार वाले कुछ भी कहने से बच रहे हैं, ऐसे में टेस्ट को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
साल 2015 में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा ब्राहमपुर निवासी रिटायर्ड इंजीनियर ब्रजेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी शन्नो गुप्ता की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी गई थी। तीन दिन बाद उनके शव काफी खराब हालत में पड़े मिले थे। तब से मामले की जांच सीबीआई कर रही है। करीब तीन माह पहले सीबीआई इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर चुकी है। इसमें मुख्य आरोपी आत्महत्या कर चुके ब्राहमपुर मोहल्ले के ही उदय प्रकाश वर्मा को माना गया है। जबकि उसके भाई योगेश वर्मा को सह आरोपी माना गया है। 18 नवंबर को सीबीआई ने योगेश को लखनऊ बुलाया था। 20 नवंबर तक उससे पूछताछ चली। इसके अगले दिन यानी 21 नवंबर को सीबीआई ने उसे जेल भेज दिया। तब से योगेश लखनऊ जेल में बंद है।
इस पूछताछ से पहले सीबीआई ने योगेश और उसके परिवारवालों को नोटिस दिया था। उन्हें नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट कराने को कहा था। तब योगेश ने सारे टेस्ट कराने की बात कही थी। उसने कहा था कि वह हर टेस्ट के लिए तैयार है लेकिन सूत्रों का कहना है कि अब वह मना कर रहा है, इस मामले में उसके परिवार वाले कुछ कहने से बच रहे हैं ऐसे में टेस्ट को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।