इस्लामनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव किसेरा इब्दुल्लानगर में शनिवार रात एक युवक ने फंदे से लटककर अपने ही घर में आत्महत्या कर ली। वहीं नजदीक में एक रजिस्टर पर सुसाइड नोट लिखा हुआ मिला तो उसने आत्महत्या से पहले पांच लोगों को व्हाट्सएप पर भी सुसाइड नोट भेजा। सुबह परिवारवालों ने शव को फंदे से उतारकर बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की पत्नी ने ससुराल वालों पर पति की हत्याकर शव जलाने का आरोप लगाया है।
किसेरा इब्दुल्लानगर निवासी राकेश (24) पुत्र रमेश दिल्ली में रहकर काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। करीब छह माह पहले उसकी कादरचौक निवासी अंजलि से शादी हुई थी। बताते हैं कि दो माह से उसकी पत्नी अपने मायके में थी। राकेश शनिवार को ही दिल्ली से लौटकर आया था। उसने परिवारवालों को बताया कि वह दिल्ली में एक ढाबा खोल रहा है और पत्नी को लेकर दिल्ली चला जाएगा। वह रविवार को पत्नी को बुलाने उसके मायके जाएगा। रात को वह मोबाइल पर पत्नी से बात करता रहा। परिवारवाले अपनी-अपनी चारपाई पर जाकर सो गए। सुबह परिवार वाले सोकर उठे तब उन्होंने राकेश का शव कमरे में फंदे से लटका देखा।
परिवारवालों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। उन्होंने शव को फंदे से उतार लिया। वहीं नजदीक में रखे रजिस्टर में उसका सुसाइड नोट लिखा मिला है। उसने लिखा है कि ‘वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है। उसके मरने से अगर दस लोगों को खुशी मिलेगी तो उसका मरना ही बेहतर है। उसके परिजन को परेशान न किया जाए। उन पर कोई कार्रवाई न की जाए। परिवार वाले मिलकर उसे प्यार से अंतिम विदाई देना और कोई परेशान न होना। उसके हिस्से की आधी जमीन उसकी बहन को दी जाए और आधी उसकी पत्नी को दी जाए। पत्नी मना करे तो पूरा हिस्सा उसकी बहन को दे दिया जाए।
परिजन ने सुबह बिना पोस्टमार्टम कराए उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान पता चला कि उसने अपनी ससुराल समेत पांच लोगों को व्हाट्सएप पर भी सुसाइड नोट भेजा था लेकिन उन्होंने भी सुबह ही मेसेज देखा। इसकी सूचना पर अंजलि गांव पहुंच गई लेकिन तब तक युवक के शव का अंतिम संस्कार हो चुका था। अंजलि ने ससुराल वालों पर राकेश की हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की आश्वासन दिया है।
--
किसेरा इब्दुल्लानगर में एक युवक की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसकी पत्नी और ससुराल वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। इसमें इंस्पेक्टर से कहा गया है कि वह मामले की जांच करें। जो सच्चाई निकलकर सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।
-सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात