कछला गंगाघाट पर जुटे लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी/कछला। गंगाघाट पर मंगलवार दोपहर नगर पंचायत सदस्य मुकेश की पिटाई करने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए लोगों ने दूसरे दिन बुधवार को जमकर हंगामा किया। उन्होंने घाट पर कासगंज जिले की दिशा वाली दुकानों को बंद करा दिया। सीओ और प्रभारी निरीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। पहले आरोपियों को गिरफ्तार कराया फिर गुस्साए लोगों को समझाकर दुकानें खुलवी दीं।
आरोप है कि मंगलवार को पंखियानगला निवासी तीन-चार नाविकों ने मुकेश के साथ अभद्रता की थी। मुकेश ने बताया कि इन नाविकों ने अपने नावों पर केवट लिखवा रखा था। साथ ही नावों की मरम्मत को अर्थिंग के लिए जेनरेटर का एक तार गंगा में डाल दिया था। इससे गंगा में करंट प्रवाहित होने की आशंका लगने लगी। उन्होंने विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी गई। पिटाई के दौरान उन्हें दो बार गंगा में डुबोया भी गया। कार्रवाई के लिए मुकेश ने उसी समय चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह को अवगत करा दिया लेकिन उन्होंने कार्रवाई नहीं की।
मुकेश चूंकि भाजपा से जुड़े हैं, इसलिए बुधवार सुबह करीब 10 बजे कई लोगों ने गंगाघाट के कासगंज जिले वाले छोर पर प्रसाद और मिष्ठान की दुकानों को बंद करवा दिया। काफी देर तक हंगामा भी हुआ। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य राजेश कुमार, राजेश तोमर, मुनीश राघव और नीरज शर्मा भी पहुंच गए। माहौल बिगड़ता देख चौकी इंचार्ज ने सीओ गजेंद्र सिंह क्षोत्रिय और प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह को पुलिस फोर्स के साथ बुला लिया। पुलिस अफसरों ने लोगों के गुस्से के मद्देनजर आरोपियों में सद्दाम और नाजिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाकर उन्हें गिरफ्तार करा लिया। बाद में सीओ के समझाने पर दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान खोल दिए।
-
नगर पंचायत सदस्य की पिटाई के बारे में मंगलवार को कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई थी। बुधवार को घाट पर लोगों ने कुछ देर तक दुकानें बंद रखीं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। दुकानें खुल गईं हैं। स्थिति सामान्य है।
- गजेंद्र सिंह क्षोत्रिय, सीओ