उझानी/कछला। कोतवाली क्षेत्र के गांव ननाखेड़ा में शनिवार रात संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत पर मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा किया। मृतका के पिता और अन्य रिश्तेदार रविवार दोपहर शव लेकर कछला चौकी पर पहुंचे। पुलिस ने पिता की शिकायत पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विवाहिता की मौत शनिवार रात करीब 11 बजे हुई। ननाखेड़ा निवासी माला देवी (21) पत्नी वीमेश साहू बदायूं में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा बुजुर्ग के रामपाल की बेटी थी। पति और परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि माला पिछले कई महीनों से क्षय रोग से पीड़ित थी। उसका इलाज भी चल रहा था लेकिन सुधार नहीं हो पाया। बेटी की मौत की सूचना के बाद रविवार तड़के ननाखेड़ा पहुंचे पिता रामपाल और रिश्तेदारों ने हंगामा किया। उन्होंने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया। पिता, परिवार वालों के साथ बेटी का शव लेकर कछला पुलिस चौकी पर पहुंच गए। बाद में मृतका के ससुरालवालों को भी चौकी पर बुला लिया गया। चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह ने प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही विवाहिता की मौत की वजह साफ हो पाएगी। संवाद