बदायूं। कटरा ब्राहमपुर के गुप्ता दंपती हत्याकांड में तीन साल पहले आत्महत्या कर चुके उदयप्रकाश पर सीबीआई की सुई पूरी तरह अटक गई है। इस बात को लखनऊ में बयान दर्ज कर लौटे उसके भाई उदयप्रकाश ने भी स्वीकार किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा ब्राहमपुर में वर्ष 2015 में रिटायर्ड इंजीनियर ब्रजेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी शन्नो गुप्ता की उनके ही घर में हत्या कर दी गई थी। तीन दिन बाद उनके शव सड़ी गली हालत में मिले थे। ब्रजेंद्र गुप्ता अपने बेटे मुकुल गुप्ता के फर्जी एनकाउंटर मामले में पैरवी कर रहे थे। इसमें एक पुलिस अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी फंस रहे थे। मामला खुलासे तक पहुंच गया था लेकिन दंपती की हत्या कर दी गई। शुरुआती दौर में कोतवाली पुलिस ने जांच की, फिर सीबीआई ने केस अपने हाथ में ले लिया।
तब से सीबीआई मोहल्ले के तमाम लोगों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर चुकी है। उनके ब्लड सैंपल लेकर जांच करा चुकी है। करीब 20 दिन पहले सीबीआई ने ब्राहमपुर आकर दंपती के पड़ोसी आत्महत्या कर चुके उदयप्रकाश वर्मा के घर की तलाशी ली थी। साथ ही उसके घर से कई वस्तुएं कब्जे में की थीं। बताया गया कि हत्याकांड में मौके पर मिले खून का उदयप्रकाश की डीएनए रिपोर्ट से भी मिलान किया गया।
अनुमान लगाया गया कि उदयप्रकाश गुप्ता दंपती के घर में चोरी के इरादे से घुसा और जाग होने पर उनकी हत्या कर दी। इस संबंध में सीबीआई ने उदयप्रकाश के भाई योगेश कुमार वर्मा को बयान दर्ज करने बुलाया था। इस मामले में योगेश कुमार ने भी स्वीकार किया सीबीआई की जांच उदयप्रकाश के इर्दगिर्द घूम रही है। परिवारवालों से सिर्फ उन्हीं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
-
एक बार फिर लखनऊ में दर्ज होंगे भाई के बयान
गुप्ता दंपती हत्याकांड में सीबीआई ने एक बार फिर उदयप्रकाश के भाई योगेश को लखनऊ बुलाया है। कुछ दिन पहले भी सीबीआई ने योगेश को लखनऊ बुलाया था। तब उन्हें कोर्ट ले जाया गया और उनके बयान दर्ज कराए गए। अब उन्हें मंगलवार को लखनऊ बुलाया गया है। संवाद