दातागंज (बदायूं)। दातागंज इलाके में बरेली दातागंज रोड पर रविवार रात नशे में धुत घूम रहे कुछ शराबियों ने सादा कपड़ों में निकले बराही चौकी प्रभारी को घेर लिया। उनके साथ अभद्रता कर डाली। बाद में चौकी प्रभारी ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस के साथ दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। बाद में उनका शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
मामला रविवार रात करीब 11 बजे का है। उस समय कोतवाली क्षेत्र में बराही चौकी इंचार्ज एसआई केपी सिंह सादा कपड़ों में अपनी निजी कार से दातागंज कस्बा लौट रहे थे। बताते हैं कि उस समय बरेली-बदायूं रोड पर ग्राम खलीलपुर के नजदीक नशे की हालत में घूम रहे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। उनकी कार रोक ली और उनके साथ अभद्रता कर दी। चौकी इंचार्ज उस समय अकेले थे। जिस जगह उन्हें रोका गया। वहां दो बाइक भी खड़ीं थीं। दरोगा ने बाइक के नंबर पढ़ लिए। वह किसी तरह शराबियों के चंगुल से निकलकर दातागंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने इसकी जानकारी कोतवाली में आकर दी। तत्काल ही उन्होंने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर दबिश दी। वहां से दो लोग पकड़े गए। दो बाइक भी मिली हैं। पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई। सोमवार सुबह उनका शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
-
दरोगा से लूटपाट का मचा शोर
रविवार रात बराही चौकी इंचार्ज के साथ हुई घटना को लेकर एक और अफवाह उड़ रही है। कस्बे में चर्चा है कि दरोगा के साथ लूटपाट भी की गई है। उनसे दस हजार रुपये लूट लिए गए पर वह जिक्र नहीं कर पा रहे। हालांकि कोतवाली पुलिस और दरोगा इस बात से इनकार कर रहे हैं।
----------------------
रविवार रात दरोगा केपी सिंह दातागंज लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ शराबियों ने आगे से गाड़ी घेर ली थी। उनका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद शांतिभंग में चालान कर दिया गया। लूटपाट की बात अफवाह है।
- बलदेव सिंह, सीओ दातागंज