उसहैत (बदायूं)। उसहैत इलाके में मंगलवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से 14 लंगूर बरामद किए । इनमें आठ लंगूरों को बोरी में बंद किया गया था जबकि छह लंगूर जंजीर से बांधकर ले जाए जा रहे थे। बोरी में बंद एक लंगूर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बुधवार दोपहर बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इस दौरान थाने में बोरी खोलने पर सात लंगूर भाग गए।
मंगलवार रात उसहैत थाने में तैनात एसआई नंदन सिंह बिष्ट कच्चा पुल पर हनुमान मंदिर के नजदीक वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को कादरचौक की ओर से आती एक लग्जरी कार दिखाई दी। कार के अंदर लाइट बंद थी। मामला संदिग्ध समझकर पुलिस ने कार रोकी । उसमें तीन लोग थे। कार की तलाशी ली गई तो पुलिसकर्मी दंग रह गए। कार में छह लंगूर जंजीर से बंधे थे। एक बोरी भी थी। पुलिसकर्मियों ने जब बोरी खोली तो उसमें से निकलकर सात लंगूर भाग गए । एक लंगूर की मौत हो चुकी थी।
पुलिस तस्करों और लंगूरों को थाने ले गई। वहां तस्करों से पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम कादरचौक के नई बस्ती निवासी हिरासत पुत्र अच्छन, नदीम पुत्र हशमत, कादरचौक के त्रिलोकपुर निवासी नईम पुत्र इब्राहिम बताए। उन्होंने बताया कि वह उन्नाव जिले से लंगूर खरीदकर कादरचौक इलाके में ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। बुधवार दोपहर बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
-
दस हजार रुपये में बेचते थे एक लंगूर
तस्कर उन्नाव से लंगूर खरीदकर ला रहे थे। वह उन्नाव में एक हजार रुपये में लंगूर खरीदते थे। फिर कादरचौक इलाके में आकर उन्हें प्रशिक्षण देते थे। जब लंगूर उनके इशारे समझने लगते थे, तब उन्हें दस हजार रुपये में बेच दिया जाता था। ये मदारियों के खेल दिखाने के काम आते थे या फिर लोग इन्हें बंदरों से बचाव के लिए इस्तेमाल करते थे।
-
छह लंगूर जंगल में छुड़वाए
उसहैत पुलिस ने कार से 14 लंगूर बरामद किए थे । इनमें से बोरी में आठ लंगूर थे। इनमें से एक की मौत हो गई जबकि सात बोरी खुलते ही भाग निकले। बचे हुए छह लंगूरों को पुलिस ने वन विभाग की टीम बुलाकर नौगवां के जंगल में छुड़वा दिया। इस मामले में डीएफओ अशोक कुमार का कहना था कि चूंकि पूरी कार्रवाई पुलिस की ओर से हुई है तो पुलिस ही लंगूरों के स्वामित्व या छोड़ने का फैसला करेगी। इसमें कोर्ट के निर्देश पर वह लोग भी देखभाल कर सकते हैं। हालांकि लंगूरों के उत्पात को देखते हुए पुलिस ने उन्हें जंगल में छोड़ने का फैसला किया। लंगूरों को नशे के इंजेक्शन देकर बोरी में डाला गया था। इसी वजह से दम घुटने से एक लंगूर की मौत हुई। बाकी नशे का असर खत्म होने के कारण बोरा खोलते ही भाग निकले।
-
उसहैत पुलिस ने अच्छा काम किया है। वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 14 लंगूर पकड़े हैं। इनमें सात लंगूर बोरी खोलने पर निकल कर भाग गए। जबकि एक लंगूर की मौत हो गई। इस मामले में तीन तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी
इसी कार में उन्नाव से लाए गए थे लंगूर। संवाद- फोटो : BADAUN
अलापुर थाने में खड़े ऑटो में बैठे बरामद लंगूर। संवाद- फोटो : BADAUN