पुलिस की गिरफ्त में खासपुर गौटिया में फायरिंग करने वाले आरोपी। संवाद
- फोटो : BADAUN
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के खासपुर गौंटिया में फायरिंग करने वाले चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। इनमें दो लोग मौके से पकड़े गए थे। जबकि दो लोग मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार लोगों को जेल भेज दिया है। उनके पास से रायफल और बंदूक बरामद होने पर एक और एफआईआर दर्ज की गई है।
सोमवार शाम कुंवरगांव थाना क्षेत्र के खासपुर गौंटिया में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला बोल दिया था। आरोपियों ने एक दिन पहले भी उनके साथ मारपीट की थी। इसमें सायरा पत्नी गुलशन घायल हो गई थी। परिवारवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार शाम परिवारवाले सायरा की अस्पताल से छुट्टी करवाकर घर लौटे थे। इसी दौरान आरोपी असलम, अकरम, मुजाहिद और मुशाहिद अपने घर के दरवाजे पर खड़े होकर अवैध असलहे लहराने लगे। जब अब्दुल रहमान पक्ष ने उनकी वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। उनके ऊपर फायरिंग कर दी। इसमें अब्दुल रहमान को गोली लग गई और उनके भतीजे सरताज को छर्रे लगे।
हमले के दौरान ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने असलम और मुशाहिद को पकड़ लिया था। उनके पास से अवैध रायफल और बंदूक बरामद हुई। पुलिस ने सोमवार देर रात चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
मंगलवार सुबह पुलिस ने असलम और मुशाहिद को जेल भेज दिया। पुलिस ने असलम और मुशाहिद के खिलाफ अवैध असलहे बरामद होने के संबंध में एक और मामला दर्ज किया है। अभी इसमें अकरम और मुजाहिद नहीं पकड़े गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को उनकी तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन शाम तक उनका कुछ पता नहीं चला। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। संवाद