वजीरगंज (बदायूं)। वघौल रोड पर सालों से बंद पड़े एक भट्ठे पर वन विभाग की टीम ने रविवार रात छापा मारा। टीम को वहां चुराई गई नीम की लकड़ी लाने की सूचना मिली थी। इस दौरान टीम को नीम के साथ जामुन, गूलर और आम की लकड़ी की भी क्विंटलों लकड़ी मिली। लकड़ी जब्त कर टीम तस्करी करने वालों की तलाश में जुट गई हैं। सूत्रों के मुताबिक लकड़ी की तस्करी पुलिस की साठगांठ से की जाती थी।
रविवार रात वन विभाग के सचल दल प्रभारी इंस्पेक्टर अमित सोलंकी को सूचना मिली कि वजीरगंज में वघौल रोड पर बंद पड़े एक भट्ठे में लकड़ी का अवैध धंधा चल रहा है। सूचना पर प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। वहां भट्ठे के परिसर में बड़ी-बड़ी घास और ऊंची-ऊंची पतेल खड़ी थी। यहां टीम को जंगल से चुराकर लाई गई क्विंटलों नीम के साथ ही जामुन, गूलर और आम की लकड़ी भी मिली। नीम की लकड़ी ताजी तो बाकी लकड़ी पुरानी बताई जा रही है। बताया जाता है यहां उगी उंची घास और पतेल की आड़ में लकड़ी की तस्करी की जा रही थी।
भट्ठा पूर्व में बिसौली विधायक रहे कुन्नू बाबू का बताया जा रहा है, जो कई साल से बंद है। मौके से मिली लकड़ी को जब्त कर लिया गया। अब टीम तस्करों की जांच में जुट गई है। पुलिस की भूमिका पर सवाल लग गया है।