बदायूं। जिले में तीन केंद्रों पर सोमवार को टीकाकरण किया गया। तीन केंद्रों पर 60 साल से अधिक उम्र के 80 लोगों को कोरोना का पहला टीका लगाया गया। अब इनको 28 दिन के बाद वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। टीकाकरण के दौरान किसी केंद्र पर किसी तरह की समस्या सामने नहीं आई।
सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला महिला अस्पताल और मालगोदाम रोड स्थित रामा नर्सिंग होम को टीकाकरण केंद्र बनाया गया था। तीनों स्थानों पर 100 लोगों को टीकाकरण के लिए बुलाया गया। इनमें 80 लोग टीका लगवाने पहुंचे। जो लोग सोमवार को टीकाकरण से छूट गए हैं अब उनको बाद में टीका लगाया जाएगा। अब जिले में चार और पांच मार्च को टीकाकरण किया जाएगा। इन दोनों दिन निजी और सरकारी क्षेत्र के उन स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरा टीका लगाया जाना है जिनको चार और पांच फरवरी को पहला टीका लगाया गया था। डीआईओ डॉ. नितिन रस्तोगी ने बताया कि टीकाकरण के दौरान किसी तरह की समस्या सामने नहीं आई है।
निजी अस्पतालों में 250 रुपये में लगेगा टीका
बदायूं। डीएम कुमार प्रशांत ने सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह के साथ जिला महिला चिकित्सालय एवं इंदिरा चौक स्थित रामा हॉस्पीटल में हो रहे कोविड-19 वैक्सीनेशन का जायजा लिया एवं वैक्सीनेशन करा चुके लोगों से वार्ता की। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी कोविड-19 का टीकाकरण किया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि कोरोना टीकाकरण गाइडलाइन्स के अनुसार ही होना चाहिए। इसमें कतई लापरवाही न हो। डीएम ने बताया कि निजी अस्पतालों में भी अब कोरोना टीकाकरण की सुविधा मिलेगी। एक बार टीका लगवाने के लिए 250 रुपये देने होंगे। दूसरे चरण में 45 और 60 साल से ज्यादा उम्र वाले लोगों के साथ बीमार लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। जल्द ही निजी अस्पतालों में भी टीका उपलब्ध हो जाएगा।