बदायूं। लगातार तीन दिन से कोरोना का कोई नया रोगी नहीं मिला है। जिला एक बार फिर से कोरोना मुक्त हो गया है। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि जून के अंत तक कोरोना की अगली लहर आने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले शत प्रतिशत वैक्सीनेशन पर जोर है।
जिले में कोरोना संक्रमण का पहला मामला अप्रैल 2020 में सामने आया था। इस दौरान छह संक्रमित मिले थे। यह सभी तब्लीगी जमात से ताल्लुक रखते थे। मई जून 2021 में आई कोरोना की दूसरी लहर ने जिले में 100 लोगों की जान ले ली थी। तीसरी लहर अब शांत हो गई है। अब तक जिले में कुल 18012 संक्रमित मिले चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सैंपलिंग का काम कर रही हैं। शुक्रवार को भी अलग-अलग स्थानों से 1600 से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें कोई संक्रमित नहीं निकला है। पिछले दिनों जिला कोरोना मुक्त हो गया था, लेकिन बाद में एक रोगी मिल गया था। अब तीन दिन से जिले में कोई नया संक्रमित नहीं मिला है।
एसीएमओ/नोडल अधिकारी संक्रामक रोग नियंत्रण डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि जिला अब कोरोना मुक्त है। मार्च के पहले सप्ताह में जिला पूरी तरह से कोरोना मुक्त होने की पहले ही उम्मीद थी। इसके अलावा मई-जून में संक्रमण की एक और लहर आने की आशंका है। संवाद