सरकारी आवास को तोड़ता श्रमिक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। नलकूप प्रथम खंड के जर्जर आवासों को तोड़कर कर्मचारी इनर्की इंटों को निजी इस्तेमाल के लिए ले जा रहे हैं। सब कुछ जानकारी में होने के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। शनिवार को भी आवासों से ईंटों की ढुलाई जारी रही।
नलकूप प्रथम खंड आवास विकास के पास विभाग के सरकारी आवास हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए इस्तेमाल होने वाले यह आवास काफी समय से जर्जर होने के कारण खाली पड़े हैं। पिछले कुछ समय से कुछ कर्मचारी आवासों को तुड़वा रहे हैं। इतना ही नहीं आवासों की ईंटों को यहां से ढो कर अपने निजी इस्तेमाल को ले जा रहे हैं। इसकी शिकायत भी कुछ लोगों ने की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को भी कुछ कर्मचारी मजदूरों के जरिये आवास तुड़वा कर ईंटों की ढुलाई में लगे रहे।
इस संबंध में बात करने पर अवर अभियंता रामऔतार गंगवार ने बताया कि आवास जर्जर हैं। इनको तुड़वाकर ईंटों की ढुलाई के संबंध में उनको जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच कराकर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद