बदायूं। जिले के फरवरी के अंत तक कोरोना मुक्त होने की उम्मीद है। फिलहाल जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या सौ से नीचे आ गई है। शुक्रवार को जिले में दो नए संक्रमित मिले हैं। 23 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती दो संक्रमितों को भी स्वस्थ होने के बाद छुट्टी मिल गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को जिले में 1590 लोगों के सैंपल लिए थे। इनकी जांच रिपोर्ट शुक्रवार को आ गई। एक संक्रमित शहर और एक सालारपुर में मिला है। फरवरी के पहले सप्ताह से ही संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आने के बाद से हालात लगातार संभल रहे हैं। शुक्रवार को 23 संक्रमितों के स्वस्थ होने के बाद जिले में अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या घट कर 97 हो गई है। इनमें 95 संक्रमित होम क्वारंटीन हैं। दो का अब भी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि स्थिति अब तेजी से सामान्य हो रही है। नए मिलने वाले संक्रमितों की संख्या घट कर शून्य पर आने की उम्मीद है। अब तक चार संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा था। इनमें दो को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। एक संक्रमित का एल-टू अस्पताल और एक का दूसरे जिले के अस्पताल में अभी इलाज चल रहा है।
---------------
तीन हजार लोगों ने अब तक नहीं लगवाई बूस्टर डोज
बदायूं। जिले में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ फ्रंट लाइन वर्कर्स और सरकारी कर्मचारियों के साथ 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को बूस्टर डोज देने का काम दस जनवरी से शुरू हुआ था। जिले में कुल 32 हजार लोगों को बूस्टर डोज दी जानी थी। अब तक 29 हजार लोगों ने ही बूस्टर डोज दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चुनाव संबंधी प्रशिक्षण शिविरों में छह हजार से ज्यादा कर्मचारियों को बूस्टर डोज दी गई थी। 60 वर्ष से अधिक आयु वाले करीब छह हजार लोगों ने भी बूस्टर डोज ले दी है। नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. मोहम्मद असलम ने बताया कि बूस्टर डोज देने का काम फिलहाल चल रहा है। संवाद