बदायूं। जिला अब कोरोना मुक्त होने की ओर है। मंगलवार को जिले में कोरोना का सिर्फ एक संक्रमित मिला है। इसके साथ ही सक्रिय संक्रमितों की संख्या घट कर 166 पर आ गई है। नए मिलने वाले संक्रमितों की संख्या तेजी से कम होने और पहले से संक्रमितों के स्वस्थ होने के बाद हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं।
शुक्रवार को जिले में 156 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनकी रिपोर्ट मंगलवार को आ गई। इनमें एक ही संक्रमित मिला है। यह संक्रमित भी बदायूं का नहीं है। अब जिले में कोरोना के सक्रिय संक्रमितों की संख्या घट कर 170 हो गई है। इनमें एक का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज, तीन का दूसरे जिलों के अस्पतालों में चल रहा है। 166 लोग होम क्वारंटीन हैं।
जनवरी के दूसरे सप्ताह में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़नी शुरू हुई थी और फरवरी के पहले सप्ताह से रफ्तार कम होने लगी। गौर करने वाली बात यह है कि जनवरी के अंत तक सक्रिय संक्रमितों की संख्या एक हजार के पार हो गई थी। 14 जनवरी को 117, 15 जनवरी 114, 16 जनवरी 116, 19 जनवरी 171, 20 जनवरी 191, 22 जनवरी 193, 24 जनवरी को रिकार्ड एक दिन में 248 कोरोना संक्रमित मिले थे। कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि अब हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। मंगलवार को सिर्फ एक रोगी मिला है। इसके साथ ही 18 रोगी सक्रिय भी हुए हैं। संवाद