बदायूं। कोरोना संक्रमण की लगातार कम हो रही रफ्तार के बाद अब हालात तेजी से सुधरने लगे हैं। करीब एक महीने के बाद जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या अब 200 से नीचे आ गई है। शनिवार को जिले में 22 नए रोगी मिले। इसके साथ ही 62 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। अब जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 186 हो गई है।
शुक्रवार को जिले में 1782 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनकी जांच रिपोर्ट शनिवार को आ गई। इनमें 22 लोग संक्रमित निकले हैं। शनिवार को 62 संक्रमित स्वस्थ होने के बाद जिले में अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या घट कर 186 हो गई है। इनमें 182 संक्रमित होम क्वारंटीन हैं। चार का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 64 लोगों को ट्रेस भी किया गया है। शनिवार को शहर में पांच, सालारपुर में चार, म्याऊ, बिसौली, दातागंज में दो-दो संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा पांच संक्रमित दूसरे जिलों के हैं।
एसीएमओ/नोडल अधिकारी संक्रामक रोग नियंत्रण सेल डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि अब हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। जिस प्रकार नए रोगियों की संख्या में कमी और स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है उसको देखकर कहा जा सकता है कि फरवरी के अंत तक जिला कोरोना मुक्त हो सकता है। हालांकि अब भी लोगों को सावधानी बरतने और कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की जरूरत है। संवाद