बिसौली। परवेजनगर में सैनिक की समाधि बनाने को लेकर मंगलवार को फिर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। सैनिक के परिजनों ने ग्राम सभा की जमीन पर समाधि बनाने के लिए खोदाई करने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने एतराज कर पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया है। वहीं, देर शाम तक दोनों पक्ष तहसील में मौजूद रहे, लेकिन कोई अधिकारी नहीं मिल सके।
गांव परवेजनगर निवासी सैनिक राजेश प्रजापति की गत वर्ष नवंबर माह में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उस दौरान पूरे गांव की परिवार के साथ सहानुभूति थी। परिजनों ने गांव के समीप ग्राम सभा की जमीन के खलियान में ही अंत्येष्टि कर दी थी। इसके चलते राजेश प्रजापति के पिता रामजी और अन्य परिजन इसी जमीन पर समाधि बनाने चाहते हैं।
पिछले दस दिन पूर्व भी परिजनों ने सैनिक की समाधि बनाने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन ने इसे रुकवा दिया। मंगलवार को भी सैनिक के परिजन फावड़ा लेकर समाधि बनाने के लिए नींव खोदने लगे। गांव के एक पक्ष ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि यह ग्राम सभा की जगह है। इस पर समाधि बनाना गलत है।
यहां वैवाहिक कार्यक्रम के अलावा अन्य समारोह होते है। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया है। निर्माण न करने की चेतावनी दी। दोनों पक्ष तहसील पहुंच गए, लेकिन वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। तहसीलदार विजय शुक्ला ने बताया कि सरकारी जगह पर कोई निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।