कादरचौक। सिक्योरिटी एंड इंटेलीजेंस सर्विस का दो दिवसीय भर्ती मेला औपचारिकता की भेंट चढ़कर ही रह गया। मेले में करीब 10 युवकों का ही चयन किया गया। जबकि, ज्यादातर युवक मात्र 15 हजार रुपये प्रति माह वेतन सुनने के बाद ही खिसक लिए।
ब्लॉक कार्यालय परिसर में भर्ती मेला सोमवार पूर्वाह्न शुरू हुआ। पहले दिन तो मेला में युवकों की सहभागिता कोई खास नजर नहीं आई, लेकिन मंगलवार दोपहर आसपास इलाके से पहुंचे युवकों की संख्या बढ़ गई। अधिकतर युवकों को लगा कि वेतन 20 हजार रुपये तो मिल ही जाएगा। कंपनी के भर्ती अधिकारी नरेंद्र पाठक ने उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र देखते समय जब यह कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को देहरादून में ट्रेनिंग करनी है और वेतन प्रति माह करीब 15 रुपये मिलेंगे तो कई युवक खिसकने लगे। ऐसे युवकों में कुछेक का कहना था कि 15 हजार रुपये में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी, वह भी कोसों दूर रहकर करने का क्या फायदा होगा।
इसके बाद भी मेला में दोनों दिन में 10 युवकों का चयन किया गया है। भर्ती अधिकारी पाठक के मुताबिक, कई शारीरिक रूप से फिट नहीं थे, उन्हें चयनित नहीं किया गया है। बता दें कि दो दिन पहले उझानी में भी कंपनी को उम्मीद के अनुरूप युवक नहीं मिल पाए थे।