जिला अस्पताल में भर्ती सुनीता शर्मा से मिलते कांग्रेसी। स्रोत- कांग्रेस
बदायूं। दबंगों से परेशान होकर एसएसपी कार्यालय के सामने जहर खाने वाली महिला का हालचाल जानने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जिला अस्पताल में अजीत यादव ने पीड़िता सुनीता शर्मा, उनके पति हरीश शर्मा और बेटे अनुपम शर्मा सहित अन्य परिजनों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने घटना के पीछे के कारणों को जाना और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मौके से ही सीओ उझानी और थाना मूसाझाग के प्रभारी निरीक्षक से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों से पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया की महिला को जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो उसने मजबूर होकर एसएसपी कार्यालय के सामने जहर खा लिया, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।
इस दौरान जिला अस्पताल में कांग्रेस नेता ओमवीर दद्दा, अनूप यादव, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।