विकास भवन का गेट बंदकर किया प्रदर्शन
अपात्रों को लोहिया आवास देने से ग्रामीणों में नाराजगी
पुलिस ने डीडीओ से बात कराकर शांत कराया मामला
लोहिया समग्र गांव में अपात्रों को आवास देने और पात्रों को वंचित करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विकास भवन गेट बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की यहां आने वालों से नोकझोंक हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डीडीओ से बात करवाकर मामला निपटाया। इस बीच करीब एक घंटे तक विकास भवन में अव्यवस्था रही।
कादरचौक ब्लाक की ग्राम पंचायत भोजपुर नरायनपुर का चयन डॉ. राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना के तहत हुआ है। इस गांव में 108 लाभार्थियों का चयन लोहिया आवास योजना के लिए हुआ है। इनमें से अधिकांश लोगों पर अपात्र होने का आरोप लगाते हुए गांव के लोगों ने बीडीओ, तहसीलदार और सीडीओ से पूर्व में शिकायत की थी। साथ ही मामले की जांच करवाकर फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर लोहिया आवास पाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन न तो मामले की जांच की गई और न ही पात्रों को लोहिया आवास दिए गए।
आक्रोशित तमाम ग्रामीणों ने शनिवार को पूर्व प्रधान अभय प्रताप सिंह के साथ विकास भवन के मुख्य गेट को दोपहर करीब 12 बजे बंद कर दिया। साथ ही महिलाएं और पुरुष गेट के सामने धरना देकर प्रदर्शन करने लगे। इस कारण न तो विकास भवन के अंदर बैठे लोग बाहर निकल पाए और न ही बाहर के लोग अंदर जा पाए। प्रदर्शनकारियों की कई लोगों से कहासुनी भी हो गई। बात बढ़ने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। करीब एक बजे पहुंची थाना सिविल लाइंस की पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर किसी तरह गेट खुलवाया।
पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारी जिला विकास अधिकारी संतोष सिंह से मिले और अपनी समस्या के बारे में अवगत कराया। डीडीओ ने उनकी समस्या से सीडीओ को अवगत कराकर निस्तारण का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में रामवीर, सत्यवीर, अनिल, कांती देवी, नरेश पाल, सर्वेशा, रसमीरा, पिंकी, रामगुनी, सावित्री आदि शामिल रहीं।