बदायूं। शहरवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाले अमर उजाला की खबर का एक बार फिर असर देखने को मिला। शनिवार के अंक में शहर की डोर-टू-डोर कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति को उजागर किया गया था। खबर प्रकाशित होते ही नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और कई इलाकों में तत्काल सफाई अभियान चलाया गया।
शहर के कुछ मोहल्लों और गलियों में लंबे समय से कूड़े के ढेर लगे थे। डोर-टू-डोर कूड़ा गाड़ी नियमित रूप से न पहुंचने के कारण लोगों को मजबूरन इधर-उधर कूड़ा फेंकना पड़ रहा था, जिससे गंदगी फैल रही थी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया था। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर नाराजगी भी जताई थी।
खबर के संज्ञान में आने के बाद नगर पालिका परिषद की ओर से मधुवन कॉलोनी, ब्राह्मपुर, पटियाली सराय और नेकपुर समेत कई क्षेत्रों में सफाई कराई गई। गलियों में कूड़ा गाड़ियां भेजी गईं और जमा कचरे को उठवाया गया। साथ ही नालियों की भी आंशिक सफाई कराई गई।
सफाई होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि यदि सफाई व्यवस्था नियमित रूप से संचालित की जाए तो शहर स्वच्छ रहेगा।
वहीं, नगर पालिका मुख्य सफाई व खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तैयब ने बताया कि ई-रिक्शा लगातार संचालित किए जा रहे हैं। कुछ गलियां ज्यादा ही पतली हैं, वहां पर दिक्कत आ रही है, हालांकि कर्मचारी पैदल जाकर वहां तक आवाज लगाते हैं। साथ ही घरों से खुद भी कूड़ा उठाकर डाल रहे हैं।
ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है। कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वह कूड़ा उठान नियमित रूप से करें।