बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सागर ताल क्षेत्र में एक किराएदार पर तीन लाख के बर्तन और दहेज का सामान चुराने का आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी किराएदार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़िता शमा परवीन ने बताया कि वह अपने कारोबार के सिलसिले में दिल्ली में रहती हैं। जब वह पांच फरवरी की रात लौटीं तो उन्हें अपने मकान के ताले टूटे मिले। लगभग तीन लाख रुपये कीमत के तांबे व पीतल के बर्तन और बेटी की शादी के लिए खरीदा गया सामान गायब था। पीड़िता ने किराएदार मोहम्मद सोहेल खान उर्फ मुन्ना, उसकी पत्नी नाज़रीन, रुखसाना और भाई राजू आदि पर चोरी का आरोप लगाया है। चोरी के संबंध में जब आरोपियों के माता-पिता से शिकायत की गई तो वे विवाद और झगड़े पर उतारू हो गए। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक योगराज सिंह को सौंपी गई है। संवाद